अमेठी सिटी। दीपावली की छुट्टी में परिवार सहित वैष्णो देवी माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से परेशान हैं। अमेठी व निहालगढ़ स्टेशन पर ठहराव के साथ संचालित ट्रेनों में वेटिंग का आंकड़ा 200 के पार है। ऐसे में यात्री तत्काल कोटे का टिकट बुक करवाने की कोशिश में जुटे हैं।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर जम्मूतवी के लिए सिर्फ राजेंद्रनगर-जम्मूतवी, अर्चना एक्सप्रेस का संचालन अमेठी होकर होता है। इसके अलावा निहालगढ़ होकर गुजरने वाली गाजीपुर-कटरा, हिमगिरि व बेगमपुर एक्सप्रेस संचालित होती है। अमेठी होकर वाराणसी-जम्मू स्पेशल ट्रेन भी संचालित हो रही है। 30 अक्तूबर से तीन नवंबर तक की छुट्टी में लोग परिवार सहित माता वैष्णो देवी दर्शन करने का प्लान बना रहे हैं। लेकिन जिले के अमेठी व निहालगढ़ में ठहराव के साथ कटरा जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
इससे माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं व जम्मू कश्मीर के अन्य यात्रियों को परेशानी हो रही है। रविवार को स्टेशन पर मिले रोहसी खुर्द निवासी प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि परिवार समेत दर्शन को जाने के लिए टिकट बुक करवाने आए थे। तत्काल कोटे से भी टिकट बुक नहीं हो पाया। दूसरे दिन तत्काल कोटे का टिकट बुक करवाने की कोशिश करेंगे। कमोवेश यही हाल राम मिलन, सूरजदीन व परमानंद के साथ रामजी समेत अन्य यात्रियों का है। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि नियमित टिकटों की बुकिंग हो रही है। पहले से लोगों के टिकट बुक करने से वेटिंग चल रही है।