अमेठी रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो पर पार्किंग के लिए आरक्षित जमीन।-संवाद
अमेठी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अमेठी रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था बदली जा रही है। मुख्य गेट के सामने बनी दोपहिया पार्किंग को प्रतापगढ़ दिशा की ओर शिफ्ट किया जाएगा। वहीं गेट नंबर दो पर नई पार्किंग बनाई जा रही है। इससे दोनों गेट से स्टेशन आने वाले यात्रियों को वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी और मुख्य प्रवेश द्वार के सामने खुली जगह बढ़ेगी।
मुख्य गेट की नई पार्किंग में 90 दोपहिया और 14 चार पहिया वाहनों के लिए शेड तैयार किए जाएंगे। गेट नंबर दो पर 62 दोपहिया वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग बनाई जा रही है।
इसमें दिव्यांग यात्रियों के लिए करीब 10 स्थान आरक्षित रहेंगे। मुख्य गेट के सामने पार्किंग हटने के बाद ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा।
दोनों गेट के आसपास पौधरोपण और यात्रियों के बैठने की व्यवस्था भी होगी। इससे स्टेशन परिसर में हरियाली के साथ यात्रियों के आवागमन के लिए अधिक खुली जगह मिलेगी।
आईओडब्ल्यू शिवमूर्ति ने बताया कि मुख्य गेट के पास की पार्किंग को प्रतापगढ़ दिशा की ओर शिफ्ट किया जा रहा है। गेट नंबर दो पर भी पार्किंग बनाई जा रही है। दोनों गेट के आसपास ग्रीन एरिया विकसित होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी।