अमेठी सिटी। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के तहत जिले में 162 से अधिक नए उद्योग संचालित होंगे। जिसमें 15,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। जिले में औद्योगिक क्षेत्र को रफ्तार देने के लिए जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से पेपर मिल की स्थापना होनी है। इससे करीब 1200 लोगों को रोजगार दिया जाएगा। साथ ही जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 22 में 200 करोड़ की लागत से पोल्ट्री फीड मिल की स्थापना होगी। जिसमें करीब 500 लोगों को रोजगार मिलेगा।
स्काईलार्क फीड्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से पोल्ट्री फीड मिल की स्थापना की जा रही है। कंपनी के निदेशक नितेश के अनुसार, जिले के पोल्ट्री फार्म को लाभ पहुंचेगा, उद्योग में आसानी होगी। इसी औद्योगिक क्षेत्र में रूबी स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज के माध्यम से डिटर्जेंट व वाशिंग पाउडर निर्माण इकाई की स्थापना की जा रही है।
10 करोड़ से ज्यादा निवेश वाले 54 उद्यमी होंगे सम्मानित
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का मुख्य आयोजन लखनऊ में किया जा रहा है, जहां जिले के 54 बड़े उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। जिन्होंने औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में 10 करोड़ से ज्यादा निवेश की योजना बनाई है।
108 उद्यामियों को जिले में किया जाएगा सम्मानित
इसके साथ 10 करोड़ से कम निवेश करने वाले वाले करीब 108 उद्यमियों को जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में सम्मानित किया जाएगा। जिसके लिए तैयारियां चल रही है, जिससे पूरा कर लिया गया है।
उद्यमिता विकास विभाग के सहायक प्रबंधक राजेश भारती ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार की दोपहर एक बजे से सम्मान समारोह शुरू होगा। सीडीओ सूरज पटेल ने बताया कि समारोह की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
आमंत्रित किए गए हैं 400 मेहमान
अमेठी सिटी। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में करीब 400 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। जिसमें 108 उद्यमियों के अतिरिक्त स्थानीय जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण पत्र भेजा गया है। साथ ही अलग-अलग विभागों के अधिकारी व उनका स्टाफ मौके पर मौजूद रहेगा।
उद्यमिता विकास उपायुक्त दिनेश चौरसिया ने बताया कि विश्वकर्मा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाभार्थियों को सिलाई मशीन वितरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त मौके पर विभिन्न ऋण योजनाओं के करीब तीन करोड़ के ऋण लाभार्थियों को वितरित किए जाएंगे।
उद्यमियों को लखनऊ में भी किया आमंत्रित
उद्यमिता विकास विभाग के अनुसार 10 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रहे उद्यमियों को लखनऊ में और उस से कम का निवेश करने वाले लोगों को जिला मुख्यालय में सम्मानित किया जाना है।
कई उद्यमी 10 करोड़ रुपये से कम का निवेश कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें लखनऊ से भी आमंत्रण पत्र मिला है, जिसके लिए उद्यमी लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल विभाग का कहना है कि स्थानीय स्तर पर सभी को निमंत्रण पत्र भेजा गया है।