अमेठी सिटी। फायरिंग के बाद पंचायत सचिव ने डीपीआरओ को पत्र लिखकर जान का खतरा जताया था। इस पर डीपीआरओ ने कार्रवाई करते हुए उन्हें अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
जिले के शुकुलबाजार थाना क्षेत्र के पूरे रग्घू शुक्ल गांव के निकट मरदानपुर गांव जा रहे ग्राम पंचायत अधिकारी अनुराग यादव की कार पर फायरिंग का मामला मंगलवार को प्रकाश में आया था। पंचायत सचिव अनुराग यादव के अनुसार गोली उनकी गाड़ी के पिछले शीशे पर लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पुलिस को सूचित करते हुए उन्होंने मामले की जानकारी डीपीआरओ को दी थी।
उन्होंने विकासखंड शुकुलबाजार में कार्य करने में असमर्थता व्यक्त की थी। वह विकासखंड शुकुलबाजार की मरदानपुर, शेखपुर भडरा, नेवाज मदारगढ़, नीमपुर, गयासपुर, नांदी, जौदिल मऊ ग्राम पंचायतों का विकास कार्य देख रहे थे, जिसमें कुछ लोगों ने उनकी शिकायत भी की थी। डीपीआरओ मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि पंचायत सचिव की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें तात्कालिक रूप से जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। शीघ्र ही उन्हें किसी अन्य जगह का प्रभार दिया जाएगा।