अमेठी। नामांकन के बाद प्रधान पद के प्रत्याशी की मौत हो जाने के चलते स्थगित तीन ग्राम पंचायतों में रविवार को मतदान हुआ। देर शाम तक हुए मतदान में तीन ग्राम पंचायतों में 4,553 मतदाताओं ने वोट डाले। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में रविवार को प्रधान पद के लिए कुल 73.1 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिले में त्रिस्तीय पंचायत निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र दाखिल होने के बाद 26 अप्रैल को मतदान से पहले जगदीशपुर ब्लॉक के इमली गांव में प्रधान पद के प्रत्याशी कमाल अहमद, शाहगढ़ ब्लॉक के पिछौरा में इंद्रमणि तिवारी व जामो के लोरिकपुर में ऊषा शर्मा की मौत हो गई थी। प्रत्याशी की मौत के बाद प्रशासन ने चुनाव को स्थगित कर दिया। आयोग का निर्देश मिलने के बाद रविवार को तीनों ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए मतदान हुआ। रविवार को जगदीशपुर के इमलीगांव में 3,461 मतदाताओं को मतदान के लिए छह बूथ, शाहगढ़ के पिछौरा में 850 मतदाताओं के वोटिंग के लिए एक तो जामो के लोरिकपुर में 2,107 मतदाताओं के मतदान के लिए तीन बूथ बनाए गए थे। रविवार सुबह सात बजे से मतदाताओं की कतार बूथों पर लग गई। देर शाम वोटिंग समाप्त होने तक इमली गांव में 3,461 मतदाताओं में से 2,173, पिछौरा में 850 मतदाताओं में से 623 तथा लोरिकपुर में 2,107 मतदाताओं में से 1,739 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कंट्रोल रूम से जारी आंकड़ों के अनुसार इमलीगांव में 62.8 प्रतिशत, लोरिकपुर में 82.9 तथा पिछौरा में 73.4 फीसदी मतदान हुआ। मतदान के दिन कोई गड़बड़ी नहीं हो इसके लिए तीनों गांवों को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। प्रशासन 11 मई को मतगणना की तैयारी में जुट गया है।