कमरौली। कठौरा के सोभई का पुरवा निवासी पान विक्रेता सईद (49) की बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। वह मंगलवार रात लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कठौरा मोड़ के पास सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए थे। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों ने गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया।
खलीकुननिशा के अनुसार उनके पति सईद मोड़ पर पान की गुमटी चलाते थे। मंगलवार रात दुकान बंद कर घर लौटते समय बाइक की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर पड़े। बाइक सवार मौके से भाग गया। लोगों ने घायल सईद को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को खबर दी। डॉक्टर ने हालत नाजुक देख उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां बृहस्पतिवार दोपहर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी खलीकुननिशा रोते-रोते बेसुध हो जा रहीं थीं। बड़ा बेटा अरबाज सऊदी अरब में काम करता है, जबकि परवेज घर संभालता है। तीनों बेटियां हिना, नेहा और मुस्कान पिता को याद कर बिलख रहीं थीं।
थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।