अमेठी। गौरीगंज की पल्लवी शुक्ला ने हिम्मत और मेहनत के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। कुछ वर्ष पहले तक वह भी रोजगार की तलाश में थीं, लेकिन आज सफल उद्यमी बनने के साथ कई महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
पल्लवी बताती हैं कि पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके सामने आत्मनिर्भर बनने की चुनौती थी। नौकरी के सीमित अवसरों के कारण उन्होंने खुद का काम शुरू करने का निर्णय लिया। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। योजना के तहत पांच लाख रुपये का ऋण मिलने के बाद उन्होंने नूडल्स निर्माण इकाई स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाया। मशीनें और जरूरी उपकरण खरीदकर उत्पादन शुरू किया।
शुरुआती दौर उनके लिए आसान नहीं रहा। उत्पादन प्रक्रिया सीखने, मशीनों के संचालन, कच्चे माल की व्यवस्था और बाजार तैयार करने में काफी मेहनत करनी पड़ी। वर्तमान में गौरीगंज के सुल्तानपुर रोड स्थित उनकी नूडल्स निर्माण इकाई नियमित रूप से संचालित हो रही है। पल्लवी की उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके उद्यम से करीब 10 महिलाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है।