फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: बिना बड़ी सर्जरी के पुराने दर्द से राहत दिलाएगी पेन क्लीनिक

विज्ञापन
 जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष में मरीज का इलाज करते डॉक्टर।
विज्ञापन
अमेठी। लंबे समय से असहनीय दर्द से जूझ रहे मरीजों को राहत देने के लिए जिला अस्पताल में क्रोनिक पेन क्लीनिक शुरू की गई है। एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर विभाग की ओर से संचालित इस ओपीडी में रीढ़ की हड्डी, स्लिप डिस्क, गंभीर गठिया और कैंसर से पीड़ित मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसका उद्देश्य बड़ी सर्जरी के बिना दर्द कम करना और मरीजों की दिनचर्या आसान बनाना है।
विज्ञापन


इस सुविधा से उन बुजुर्गों और मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है, जो बढ़ती उम्र या शारीरिक कमजोरी के कारण घुटने या रीढ़ की बड़ी सर्जरी नहीं करा सकते। रीढ़ में सूजन, साइटिका और नसों पर दबाव से होने वाले पुराने दर्द के अलावा घुटनों के ऑस्टियोआर्थराइटिस और रूमेटाइड आर्थराइटिस से परेशान मरीज भी यहां परामर्श ले सकेंगे। कैंसर के अंतिम चरण में होने वाले तेज दर्द को नियंत्रित करने में भी यह क्लीनिक मददगार होगी।

मरीज ललिता ने बताया कि उन्हें काफी दिनों से कमर में दर्द की समस्या थी। वह दर्द की दवाएं ले रही थीं। क्लीनिक की जानकारी मिलने पर उन्होंने चिकित्सक को दिखाया। इसके बाद जरूरी सावधानियां बरतने के साथ उनका उपचार शुरू किया गया। इंजेक्शन लगाने के बाद चिकित्सक ने एक माह में पूरी तरह आराम मिलने की उम्मीद जताई है। सीएमएस डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में क्रोनिक पेन क्लीनिक शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन


आधुनिक तकनीकों से होगा उपचार
चिकित्सक डॉ. अमर सिंह चंद्रवाल ने बताया कि दर्द की वजह और मरीज की स्थिति के अनुसार रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन (आरएफए), फैसेट जॉइंट इंजेक्शन और पीआरपी थेरेपी जैसी तकनीकों का उपयोग किया जा सकता है। आरएफए में विशेष उपकरणों की मदद से दर्द के संकेत पहुंचाने वाली नसों की गतिविधि कम की जाती है। उपयुक्त मरीजों को इससे एक से दो साल तक राहत मिल सकती है।

इसका असर मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है। फैसेट जॉइंट इंजेक्शन से रीढ़ के प्रभावित जोड़ों के पास दवा पहुंचाकर दर्द और सूजन कम करने का प्रयास किया जाता है। पीआरपी थेरेपी में मरीज के अपने रक्त से तैयार प्लेटलेट युक्त प्लाज्मा का इस्तेमाल किया जाता है।

योग और फिजियोथेरेपी भी उपयोगी
पुराने दर्द से राहत के लिए चिकित्सकीय सलाह के साथ फिजियोथेरेपी, नियमित व्यायाम और ध्यान भी मददगार हो सकते हैं। सही तरीके से उठने-बैठने, शारीरिक सक्रियता बनाए रखने और ठंड में जोड़ों को गर्म रखने से परेशानी कम हो सकती है। इन उपायों को मरीज की बीमारी और शारीरिक स्थिति के अनुसार अपनाना चाहिए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें