यात्रियों को गर्म हवा के बीच प्लेटफार्म पर करना पड़ रहा इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीगंज(अमेठी)। भीषण गर्मी में ट्रेनों की लेटलतीफी भी यात्रियों पर भारी पड़ रही है। उन्हें घंटों प्लेटफाॅर्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी/प्रयाग रेल ट्रैक पर मुख्यालय से 22 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है। सोमवार को दिल्ली से मालदा टाउन के बीच संचालित होने वाली एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 4:37 की जगह 6:40 बजे गौरीगंज स्टेशन पहुंची। इसी तरह दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस का समय सुबह 6:56 बजे गौरीगंज स्टेशन पहुंचने का है, लेकिन यह ट्रेन चार घंटे विलंब से 11 बजे पहुंची। लखनऊ-प्रयागराज संगम स्पेशल 30 मिनट, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी 50 मिनट, देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, जम्मू तवी-राजेंद्र नगर अर्चना एक्सप्रेस ढाई घंटा तथा हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल तीन घंटे विलंब से रवाना हुई। प्रयागराज-हरिद्धार योगनगरी एक्सप्रेस 30 मिनट, गया-लखनऊ एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, पुरी-दिल्ली एक घंटा, वाराणसी-देहरादूर जनता एक्सप्रेस 70 मिनट तथा अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल 2 घंटा 40 मिनट विलंब से गौरीगंज पहुंची। अन्य ट्रेनें भी विलंब से संचालित हुुईं।
ट्रेनें विलंब से पहुंचने के चलते यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर गर्म हवाओं के बीच इंतजार करना पड़ रहा है। ट्रेन विलंब से संचालित होने की सूचना का नियमित प्रसारण भी नहीं किया जा रहा है। गाड़ी आने का समय होने पर ही सूचना दी जाती है। वहीं, स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों से जुड़ी जानकारी का प्रसारण किया जाता है। यात्रियों को परेशानी से बचाने की कोशिश की जा रही है।