जिला अस्पताल में सबसे ज्यादा भीड़ पर्चा काउंटर पर रही, ढाई बजे तक चली ओपीडी
बुखार के 212 व चर्मरोग के 100 से अधिक मरीज पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीगंज (अमेठी)। चिलचिलाती गर्मी के कारण बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। सोमवार को संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी 1128 तक पहुंच गई। गर्मी से हलकान अकेले 234 मरीज आए। इन्हें ओआरएस का पैकेट देकर घर भेज दिया गया। मौसम में बदलाव के कारण चर्मरोग के 100 से अधिक मरीज आए। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जिले में अभी तक हीटस्ट्रोक का कोई मरीज नहीं आया है। हालांकि, इसको लेकर विभाग अलर्ट है।
सोमवार की सुबह से ही संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइन लग गई। सबसे ज्यादा भीड़ पर्चा काउंटर पर लगी रही। आलम यह रहा कि दोपहर दो बजे बंद होने वाली ओपीडी ढाई बजे तक चलती रही। मरीजों की भीड़ को देखते हुए चिकित्सालय प्रशासन ने अतिरिक्त प्रबंध किए हैं।
सबसे ज्यादा भीड़ चर्मरोग विशेषज्ञ के पास रही। दरअसल, गर्मी के मौसम में एलर्जी बढ़ गई है। चर्मरोग विशेषज्ञ डा. नरेंद्र तिवारी ने बताया कि गर्मी के चलते घमौरिया, एलर्जी व दाद के मरीज पहले की अपेक्षा बढ़ रहे हैं। सोमवार को ओपीडी में बुखार के 212 मरीज भी आए।
इनसेट
हीट स्ट्रोक को लेकर अलर्ट
संयुक्त जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. बीपी अग्रवाल ने कहा कि गर्मी के मौसम में हीट स्ट्रोक का अभी कई मरीज नहीं आया है। हालांकि, इसको लेकर सतर्कता बरती जा रही है। सीएमएस ने बताया कि बरसात होने के बाद डायरिया का प्रकोप बढ़ सकता है। इसके लिए अस्पताल में पूरे इंतजाम हैं।
इनसेट
जिला अस्पताल की ओपीडी
तारीख मरीज संख्या
12 जून 1135
13 जून 878
14 जून 810
15 जून 623
16 जून 822
17 जून 647
18 जून अवकाश
19 जून 1128
इनसेट
बचाव के लिए क्या करें
एडीएम एके सिंह का कहना है कि लू से बचाव के लिए दोपहर 12 से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। अपरिहार्य कारण से अगर बाहर निकलना पड़ रहा है तो हल्के वस्त्र तथा सिर ढककर बाहर निकलें। पानी की बोतल भी साथ में रखें। छोटे बच्चों को लेकर गंभीर रहें। गर्भवती को धूप में न निकलने दें।
क्या हैं प्रबंध
सीएमओ डॉ. विमलेंदु शेखर का कहना है कि हीट स्ट्रोक का अभी तक कोई मामला नहीं आया है लेकिन, अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता के साथ ही ओआरएस व मरीज भर्ती करने की सुविधा बढ़ा दी गई है। हर बिंदु पर एसीएमओ स्तर के अधिकारी निगरानी कर रहे हैं।