अमेठी सिटी। गौरीगंज होकर संचालित होने वाली ट्रेनों के विलंब से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर दिल्ली-प्रतापगढ़ के बीच संचालित पद्मावत एक्सप्रेस शुक्रवार को पांच घंटे देरी से दोपहर 12:13 बजे पहुंची। दिल्ली-मालदा टाउन सुबह 4:37 के बजाए 8:47 बजे गौरीगंज पहुंची। मुंबई-वाराणसी के बीच शुक्रवार को संचालित होने वाली स्पेशल ट्रेन सुबह चार घंटे देरी से पहुंची।
इसके साथ ही दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस चार व अप जनसाधारण एक्सप्रेस छह घंटे देरी से संचालित होकर बृहस्पतिवार रात के बजाए शुक्रवार सुबह 6:56 बजे गौरीगंज पहुंची। अप व डाउन जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल योगनगरी एक्सप्रेस व आगरा-कोलकत्ता एक्सप्रेस भी डेढ़ घंटे देरी से संचालित हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने अपरिहार्य कारणों से ट्रेनों के विलंब से संचालन की पुष्टि की है।