अमेठी के बेनीपुर स्थित एकीकृत आयुष अस्पताल में ऑक्सीजन कांसंट्रेटर मशीन के डेमो के दौरान मौजूद
अमेठी सिटी। जिले के बेनीपुर स्थित एकीकृत आयुष अस्पताल में अब ऑक्सीजन की किल्लत दूर हो गई है। आयुष मंत्री के प्रयास से नई सुबह संस्था के माध्यम से अस्पताल को चार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें उपलब्ध कराई गईं हैं। जो पोर्टेबल वेंटिलेटर के रूप में जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाएगी।
कोरोना काल में सरकारी के साथ निजी अस्पतालाें में ऑक्सीजन की किल्लत थी। जिले के बेनीपुर स्थित 50 शय्या एकीकृत आयुष अस्पताल में अभी तक ऑक्सीजन की सुविधा नहीं थी। यहां पर प्रतिदिन औसतन 150 से अधिक मरीजों की ओपीडी होती है। यहां पर ऑपरेशन, आईपीडी की सुविधा दिन में मुहैया कराई जाती है। ऐसे में जरूरत पड़ने पर मरीजों को ऑक्सीजन के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मंत्री दयाशंकर मिश्र के प्रयास से नई सुबह संस्था की ओर से चार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें मिली हैं। बुधवार को अस्पताल के सीएमएस डॉ. मोहम्मद काशिफ की मौजूदगी में मशीन का प्रदर्शन किया गया।
सीएमएस ने बताया कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर से अब जरूरतमंद मरीजों को ऑक्सीजन मिल सकेगी। ऑक्सीजन सिलिंडर की तरह इसे बार-बार रीफिल कराने की जरूरत नहीं पड़ती है और बिजली नहीं होने पर इसे इनवर्टर की मदद से भी चलाया जा सकता है। साथ ही ऑपरेशन थियेटर व वार्ड में कहीं भी जरूरत पड़ने पर मशीनों को ले जाकर मरीजों को ऑक्सीजन दी जा सकती है। इस दौरान डॉ. दीपेंद्र नाथ मलिक, आशीष पांडेय, अमित सिंह, सुषमा आदि मौजूद रहे।