मरम्मत के लिए प्रस्तावित बसायकपुर-गोठवा संपर्क मार्ग।
अमेठी सिटी। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले दो संपर्क मार्गों के दिन जल्द बहुरेंगे। इनकी मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शासन ने 1.13 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। कार्यदायी संस्था के चयन के बाद दो माह में काम पूरा करवाया जाएगा। इन सड़कों के बनने से करीब एक लाख की आबादी का आवागमन सुगम होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़कों की दशा बेहद खराब है। आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत के लिए पत्र लिखा था। प्रांतीय खंड ने सड़कों का सर्वे करवाया था। पीडब्ल्यूडी ने सड़कों के नवनिर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा और 1.13 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा था। शासन ने बजट जारी कर दिया है। प्रस्ताव स्वीकृत करते हुए शासन ने मार्गों के पांच साल तक नियमित अनुरक्षण करने की जिम्मेदारी नामित कार्यदायी संस्था से करवाने की बात कही है। इसके बाद विभाग ने निविदा प्रकाशित कर ठेकेदार के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
चयनित ठेकेदार को दो महीने में सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा करना होगा। साथ ही पांच साल तक देखरेख भी करनी होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि मई तक ये सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी।
चिह्नित मार्ग - स्वीकृत धनराशि
1.रोहसीखुर्द-लक्षमणपुर संपर्क मार्ग - 64.91 लाख
2. गोठवा-बसायकपुर संपर्क मार्ग - 49.03 लाख
जल्द शुरू होगा काम
लोक निर्माण विभाग-प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दो सड़कों के नवनिर्माण व पांच साल तक अनुरक्षण के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शासन ने बजट जारी कर दिया है। निविदा के माध्यम से कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया चल रही है।