अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में मरीजों का उपचार डॉक्टर की बजाय बाहरी व्यक्ति द्वारा करने से जुड़ा एक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता। मामला संज्ञान में आने के बाद सीएमएम ने डॉक्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर के चैंबर में बैठकर बाहरी लोग मरीजों का इलाज कर रहे हैं। स्वास्थ्य महकमा सब जानते हुए भी अंजान बना है। शनिवार को जिला अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ के चैंबर में बैठा एक व्यक्ति मरीजों के पर्चे पर दवा लिखते नजर आ रहा है।
आरोप निराधारडॉ. राजीव शुक्ल ने बताया कि शनिवार को वह मरीजों को ऑपरेशन करते हैं। वह कुछ समय के लिए ओपीडी कक्ष में मौजूद रहकर उपचार करते हैं। साथ कोई बाहरी व्यक्ति नहीं रहता है। किसी ने बदनाम करने के लिए फर्जी ढ़ंग से कोई वीडियो बनाकर वायरल किया होगा।
नोटिस जारी कर की जा रही जांच
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच करने मौके पर पहुंचे, लेकिन ओपीडी कक्ष में डॉ राजीव शुक्ल अकेले मरीजों का उपचार करते मिले। डॉक्टर को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा गया है।