अमेठी। जिले में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या में थोड़ी कमी आई है। जिला प्रशासन को बुधवार देर रात विभिन्न स्थानों से लिए गए सैंपल में से 805 लोगों की रिपोर्ट मिली। इसमें 776 की रिपोर्ट निगेटिव तो 14 की पॉजिटिव मिली। डीएम ने संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए निकट संपर्क में आए लोगों की पहचान करने के साथ ही सैनिटाइजेशन व बचाव कार्य के लिए पहले से गठित टीमों को सक्रिय कर दिया है।
जिले में पॉजिटिव मिले लोगों में जगदीशपुर ब्लॉक के गांव बाबूपुर सरैया, कमरौली व पालपुर के एक-एक तथा अलीनगर के दो, भादर ब्लॉक के भदांव, बाजार शुकुल के तेंदुआ अमेठी शहर के बस स्टाप के एक-एक, सिंहपुर ब्लॉक के उसरहा गांव निवासी चार तो भेटुआ ब्लॉक के शारदन व पूरे मौजी गांव के एक-एक लोगों के कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आने से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले मरीजों के मोहल्लों व गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत बचाव कार्य के लिए टीम गठित की है। डीएम के निर्देश पर गठित टीमें बृहस्पतिवार को संक्रमितों के गांव व मोहल्लों को सील करते हुए सैनिटाइजर छिड़काव, थर्मल स्क्रीनिंग व उनके क्लोज कॉन्टेक्ट में आए लोगों की सूचना संकलित करते हुए संभावित लोगों की सैंपलिंग करने में जुटी रहीं।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 879 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से 630 उपचार के बाद सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में पांच की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 244 मरीजों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों व होम आइसोलेशन में रखकर किया जा रहा है।