अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में ऑर्थो सर्जन की तैनाती से हड्डी रोगियों के इलाज की सुविधा बढ़ गई है। डॉ. गर्वदीप सिंह के आने से फ्रैक्चर, हादसों में घायल और ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श मिल सकेगा। उपलब्ध संसाधनों के अनुसार अब जिला अस्पताल में ही ऑपरेशन की सुविधा भी दी जाएगी।
लंबे समय से ऑर्थो विशेषज्ञ की कमी के कारण ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। इससे मरीजों और तीमारदारों को आने-जाने के साथ अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था। विशेषज्ञ की उपलब्धता से हड्डी संबंधी गंभीर मामलों की जांच और उपचार जिला अस्पताल में ही हो सकेगा।
शुक्रवार को ओपीडी में इलाज कराने पहुंचीं ललिता ने बताया कि उनकी हाथ की अंगुली में एक माह से दर्द है। उन्होंने चिकित्सक को दिखाया तो जांच के बाद उपचार बताया गया। वहीं आयुष तिवारी ने बताया कि बाइक से गिरने पर पैर की अंगुली में फ्रैक्चर हो गया था। उस समय प्लास्टर चढ़ाया गया था, मगर दर्द बना रहा। शुक्रवार को एक्सरे कराया गया। इसमें हड्डी गलत जुड़ने की जानकारी मिली।
चिकित्सक ने जिला अस्पताल में ही ऑपरेशन कराने की सलाह दी। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में अब दो हड्डी रोग विशेषज्ञ हो गए हैं। डॉ. गर्वदीप सिंह की तैनाती से मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के साथ ऑपरेशन की सुविधा भी मिल सकेगी। इससे जरूरत के अनुसार मरीजों का उपचार अस्पताल में ही किया जा सकेगा।