अमेठी सिटी। कुछ दल और प्रदेश सरकारें रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों की मदद कर रही हैं। इनके विरुद्ध भाजपा सरकार काम कर रही है और घुसपैठियों की रोकथाम के लिए प्रयासरत है। एसआईआर के प्रति विपक्षी दल भ्रम फैला रहे हैं। पात्र मतदाता फॉर्म भरकर सूची का हिस्सा बनें। ये बातें मंगलवार को गौरीगंज स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने एसआईआर अभियान की समीक्षा के दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या का मुद्दा पार्टी के संकल्प पत्र में था। अयोध्या भगवान का जन्म स्थान और भारतीय संस्कृति का हिस्सा है। भाजपा सरकार लगातार अयोध्या में बने भगवान श्रीराम के मंदिर को भव्यता प्रदान करने का काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बताया कि प्रदेश में ढाई करोड़ सक्रिय सदस्य हैं। 98 जिलाध्यक्ष पदों के सापेक्ष 84 जिलाध्यक्ष घोषित कर दिए गए हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।
इसके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की समीक्षा की। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सहयोग दें और सभी पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ने में सहायता करें। इस दौरान राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, डॉ. आरए वर्मा, राम प्रसाद मिश्रा आदि मौजूद रहे।