अमेठी सिटी। मुंबई-बनारस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन रेलवे ने छह माह के लिए बढ़ा दिया है। अब 27 दिसंबर तक ट्रेन का संचालन वाया अमेठी होगा। यात्रियों को बनारस और मुंबई आने-जाने में राहत मिलेगी, वहीं सीधी ट्रेन होने से सूरत की यात्रा सुगम होगी। ट्रेन में आरक्षित टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है।
यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने मुंबई-बनारस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया था। पहले इस ट्रेन का संचालन एक जुलाई तक करने के आदेश दिए गए थे। रेलवे ने इस ट्रेन का संचालन आगे बढ़ा दिया है। मुंबई से बनारस जाने वाली गाड़ी संख्या 09183 का संचालन बढ़ाकर 25 दिसंबर तक और बनारस से मुंबई जाने वाली गाड़ी संख्या 09184 का संचालन 27 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। ऐसे में त्योहारों पर घर आने व वापस जाने में सुविधा मिलेगी।
यात्रियों को सूरत के लिए सीधी ट्रेन होने का लाभ होगा। यह ट्रेन 10:50 पर मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी और शुक्रवार को अमेठी होते हुए सुबह 10:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वाराणसी से मुंबई की ओर शुक्रवार को वाराणसी से रवाना होगी। अमेठी रुकते हुए रविवार को 4:35 बजे मुंबई पहुंचेगी। विशेष ट्रेन में एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, तीन वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, नौ वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक पैंट्री कार व दो पावर कार समेत 16 कोच होंगे।
वर्जनमिला संचालन का आदेश
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि मुंबई-सूरत-लखनऊ-बनारस पर्व स्पेशल ट्रेन के संचालन से जुड़ा आदेश मिला है। ट्रेन में आरक्षित सीटों की बुकिंग शुरू हो गई है। जिन लोगों को मुंबई सहित अन्य स्टेशनों का कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है, वह तत्काल आरक्षित टिकट बुक करवा सकते हैं।