जिला अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर पर्ची काटते स्वास्थ्य कर्मी।
अमेठी सिटी। अस्पताल में इलाज कराने के लिए मरीजों को अब पंजीकरण काउंटर पर लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन ओपीडी पंजीकरण कराया जा सकेगा। आभा आईडी बनने के बाद मरीजों की पुरानी जांच रिपोर्ट और उपचार का ब्योरा भी डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा। इससे बार-बार पुराने परचे और जांच रिपोर्ट लेकर अस्पताल पहुंचने की परेशानी कम होगी। मरीज की सहमति से दूसरे अस्पताल के चिकित्सक भी उसका पुराना रिकॉर्ड देख सकेंगे।
जिला अस्पताल गौरीगंज में रोजाना 1500 से अधिक मरीज आते हैं। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रतिदिन करीब 900 से 1000 मरीज उपचार कराते हैं। ऐसे में पंजीकरण काउंटरों पर भीड़ रहती है। ऑनलाइन सुविधा से मरीज पहले ही पंजीकरण करा सकेंगे। आभा यानी आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट 14 अंकों की विशिष्ट स्वास्थ्य पहचान संख्या है। इसमें जांच रिपोर्ट, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार का विवरण डिजिटल रूप में दर्ज किया जा सकता है। इससे खासकर लंबे समय से बीमार मरीजों को लाभ मिलेगा।
निशुल्क और स्वैच्छिक है आभा आईडी
आभा आईडी बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कराया जा सकता है। मरीज की सहमति के बिना उसका स्वास्थ्य रिकॉर्ड दूसरे अस्पताल से साझा नहीं किया जा सकेगा।
आठ सीएचसी में शुरू हुई सुविधा
गौरीगंज, अमेठी, मुसाफिरखाना, तिलोई, बाजारशुकुल, फुरसतगंज, जामों और जगदीशपुर सीएचसी में ऑनलाइन ओपीडी पंजीकरण शुरू हो चुका है। पांच केंद्रों पर क्यूआर कोड से पंजीकरण, दो में डिजिटल परचा और चार में प्रयोगशाला सेवाएं डिजिटल व्यवस्था से जुड़ी हैं। जिले के 47 स्वास्थ्य संस्थानों को जोड़ने का लक्ष्य है। इनमें 44 का पंजीकरण हो चुका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। शेष संस्थानों को भी इससे जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।