फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार, सफर मुश्किल

Mon, 16 Nov 2026 11:32 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
गौरीगंज के अन्नी बैजल में सोमवार सुबह छाया कोहरा। 
विज्ञापन
अमेठी सिटी। मौसम का मिजाज बदलने के साथ सोमवार सुबह जिले में सीजन का पहला कोहरा छाया। घनी धुंध के कारण सड़कों पर कुछ दूरी तक भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। कई स्थानों पर दृश्यता 20 से 30 मीटर तक सिमट गई। इससे हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से सफर करना पड़ा। सुबह काम पर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी हुई। दोपहर बाद कोहरा छंटने पर आवागमन सामान्य हो सका।
विज्ञापन

कोहरे का असर अमेठी-सुल्तानपुर मार्ग, गौरीगंज-जायस मार्ग और लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिखा। धुंध के कारण सामने से आने वाले वाहनों का पता देर से चल रहा था। सड़क किनारे खड़े वाहन और अचानक रास्ता पार करने वाले लोगों से हादसे का खतरा बना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों के बीच से गुजरने वाले संपर्क मार्गों पर भी दृश्यता कम रही।
गौरीगंज में हाईवे से गुजर रहे सहारनपुर निवासी ट्रक चालक राजेश कुमार ने बताया कि कोहरे में सामने चल रहे वाहन का पता देर से चलता है। इसलिए उन्होंने वाहन रोक दिया। बाइक चालक दीपक मिश्रा ने बताया कि कम दृश्यता में दोपहिया वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है। कार चालक राकेश यादव के मुताबिक कोहरे में सफर का समय बढ़ जाता है। मालवाहक चालक अनिल वर्मा ने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहन भी देर से दिखाई देते हैं।
विज्ञापन

कोहरे व ठंड सेहत के लिए चुनौती
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को सुबह के समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें। अस्थमा के मरीज नियमित दवाएं लें। सांस फूलने, सीने में जकड़न या लगातार खांसी होने पर चिकित्सक से परामर्श करें।
आने वाले दिनों में भी छाएगा कोहरा
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार तापमान में गिरावट और वातावरण में नमी के कारण सुबह कोहरा छाने की स्थिति बन रही है। आने वाले दिनों में सुबह और शाम ठंड बढ़ने के आसार हैं।
विज्ञापन

कोहरे में सफर के दौरान बरतें सावधानी
- वाहन की गति धीमी रखें और सुरक्षित दूरी बनाकर चलें।
- हेडलाइट लो बीम पर रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें।
- बिना जरूरत ओवरटेक न करें और अचानक ब्रेक लगाने से बचें।
- वाहन की लाइट, ब्रेक और इंडिकेटर जांच लें।
- दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और रिफ्लेक्टर का इस्तेमाल करें।
- दृश्यता बेहद कम होने पर सुरक्षित स्थान पर रुक जाएं।

गौरीगंज के अन्नी बैजल में सोमवार सुबह छाया कोहरा। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें