जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़।
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में सोमवार सुबह मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी, पैथोलॉजी हो या परचा काउंटर, हर जगह लंबी लाइन कतार दिखी। डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। ओपीडी में मरीजों की संख्या करीब 1100 रही।
उमस भरी गर्मी के बीच लोगों में बीमारियां बढ़ रही हैं। रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में इलाज के लिए मरीजों को काफी इंतजार करना पड़ा। ओपीडी में बुखार, खांसी, पेट दर्द व सीने के दर्द से पीड़ित मरीज ज्यादा आए। इसके अलावा सभी 13 सीएचसी व पीएचसी पर मरीजों की भीड़ रही। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ रही। सभी मरीजों की जांच के साथ उनका इलाज हुआ। सोमवार को 1120 नए मरीजों का ओपीडी में पंजीकरण हुआ, जिसमें बुखार के 605, खांसी के 110, ठंड के 103, जुकाम के 97, पेट दर्द के 101, लूज मोशन के 98, डायरिया के 21 और मनोरोग के 118 मरीज रहे।