गौरीगंज (अमेठी)। योजना के संचालन की हकीकत परखने के साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ के लिए इन दिनों ग्राम पंचातयों में ई-चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को अमेठी तहसील की चार ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। समस्या सुनने के साथ ही केंद्रीय मंत्री ने मौजूद अफसरों को निस्तारण का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अमेठी तहसील के रामदयपुर स्थित प्राथमिक स्कूल बाहापुर, खंडहर, करनाईपुर व भादर गांव में केंद्रीय मंत्री/सांसद स्मृति ईरानी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों की समस्या सुनने के साथ ही मौके पर मौजूद अफसरों को त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
स्मृति ने ई-चौपाल के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी लोगों को देते हुए अफसरों को पात्रों को योजना से लाभान्वित करने को कहा। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से कोविड 19 से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा मास्क का प्रयोग करने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री ने मनरेगा योजना से लोगों को रोजगार देने के साथ कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने का निर्देश देते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर डीएम अरुण कुमार, एसपी दिनेश सिंह, सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, एसडीएम योगेंद्र सिंह, प्रभारी बीडीओ डॉ. हरिकृष्ण मिश्र व बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।