डामरीकरण के लिए प्रस्तावित संग्रामपुर के बढ़ई का पुरवा जरौटा से पैकवारपुर संपर्क मार्ग।
अमेठी सिटी। वर्षों से जर्जर रास्ते से आवागमन की परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने वाली है। बढ़ई का पुरवा जरौटा से पैकवारपुर जरौटा तक एक किलोमीटर लंबे मार्ग का डामरीकरण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने 88 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। सड़क बनने से बरई का पुरवा, पैकवार का पुरवा समेत आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा।
वर्तमान में मार्ग कच्चा होने के साथ जगह-जगह गड्ढों से जर्जर है। बारिश में कीचड़ और जलभराव से राहगीरों को परेशानी होती है। सड़क बनने से अमेठी शहर और कालिकन धाम जाने वाले मार्ग से गांवों का संपर्क बेहतर होगा। अस्पताल, ब्लॉक, बाजार, बैंक, तहसील और कलेक्ट्रेट पहुंचना भी आसान होगा।
ग्रामीण आशीष चौरसिया, मुकेश कुमार गुप्ता, बेचूलाल और छेदीलाल ने कहा कि पक्की सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि डामरीकरण के लिए 88 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। निर्धारित मानकों के अनुसार जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा।