गौरीगंज (अमेठी)। रंगों के पर्व होली पर अनियंत्रित एसयूवी ने एक बुजुर्ग को राैंद दिया। दुर्घटना में घायल बुजुर्ग को लोगों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत के बाद परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
शहर के पूरे नेमधर पंडित मोहल्ला विशुनदासपुर निवासी राधेश्याम मिश्र (80) मंगलवार दोपहर बाद अपने घर से थोड़ी दूरी से होकर गुजरने वाले गौरीगंज-जगदीशपुर मार्ग पर खड़े थे। इसी बीच जामो की तरफ से आई एक तेज रफ्तार एसयूवी बिजली के खंभे से टकरा गई। राधेश्याम जब तक कुछ समझ पाते वे भी वाहन की चपेट में आ गए।
दुर्घटना के बाद एसयूवी सवार दो लोग मौके से भाग निकले। मौके पर पहुंचे लोगों ने एंबुलेंस की मदद से राधेश्याम को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राधेश्याम की मौत सूचना गांव पहुंची तो परिवारीजनों के साथ मोहल्ले भर में कोहराम मच गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से एसयूवी को रोड से हटाकर यातायात बहाल कराया। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने एसयूवी चालक के खिलाफ केस दर्ज करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने बताया कि जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।