जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय थाने के सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के साइडिंग ट्रैक पर बृहस्पतिवार को अनलोडिंग के दौरान एक मजदूर की ट्रक व मालगाड़ी के बीच दबकर मौत हो गई। इस घटना के बाद श्रमिकों ने ट्रक चालक को बंधक बनाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित श्रमिकों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
कमरौली थाना क्षेत्र के बनभरिया गांव निवासी भगेलू सरोज (45) गुरुवार को लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर स्थित सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के साइडिंग ट्रैक पर चावल की अनलोडिंग करने गया था। अनलोडिंग के लिए भगेलू मालगाड़ी का डाला खोल रहा था। इसी दौरान ट्रक बैक होने से भगेलू मालगाड़ी व ट्रक के बीच दब गया।
अन्य मजदूरों के चिल्लाने पर जब तक ट्रक आगे किया जाता तब तक भगेलू की मौत हो गई। भगेलू की मौत से साथी श्रमिक आक्रोशित हो गए और ट्रक चालक अजमल को बंधक बनाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मजदूर की मौत व ट्रक चालक को बंधक बनाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने आक्रोशित श्रमिकों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए मामले की सूचना जीआरपी सुल्तानपुर को दी। सूचना पर पहुंचे जीआरपी जवानों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराते हुए भाई संतलाल की तहरीर पर केस दर्ज कर ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। जीआरपी उप निरीक्षक राजबहादुर ने बताया कि जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।