संग्रामपुर (अमेठी)। मिसरौली बड़गांव निवासी कालूराम उर्फ कल्लू यादव (45) की हत्या में पुलिस ने सोमवार को विशेषगंज से नामजद आरोपी मातादीन को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपी पुलिस अभिरक्षा में रायबरेली एम्स में उपचाररत हैं। तीन अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
शनिवार रात कालूराम बाइक से घर लौट रहे थे, तभी गांव में अमर बहादुर पक्ष से विवाद हो गया। कहासुनी मारपीट में बदल गई और लाठी-डंडों से हमले में कालूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। झगड़े में मृतक की मां कलावती और भाई लल्लू यादव, जबकि अमर बहादुर पक्ष के तीन लोग भी चोटिल हुए। पुलिस को उनकी ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। लल्लू यादव की शिकायत पर नामजद छह लोगों के खिलाफ हत्या और मारपीट का केस दर्ज किया गया।
सोमवार को विशेषगंज के पास पुलिस ने मातादीन को पकड़कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद की। थाना प्रभारी बृजेश सिंह के अनुसार नामजद आरोपी सुरेंद्र और अमर बहादुर रायबरेली एम्स में पुलिस निगरानी में इलाज करा रहे हैं। बाकी तीन आरोपी जितेंद्र, विक्रम और रितिन की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया, लेकिन अंतिम संस्कार नहीं किया गया। परिजन मृतक के छोटे भाई बब्बन यादव का इंतजार कर रहे थे, जो सेना में तैनात मणिपुर से रविवार देर रात घर पहुंचे। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि बब्बन के पहुंचते ही सोमवार सुबह शव को अंतिम संस्कार के लिए शृंगवेरपुर ले जाया गया।