अमेठी सिटी। एक घर के सामने भीख मांगना बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। गृहस्वामी ने उसकी डंडों से जमकर पिटाई कर दी। पिटाई की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पीड़ित की तरफ से अभी थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग भिखारी गांव स्थित घर के सामने पहुंच गया। इससे मकान स्वामी आगबबूला हो गया और गालियां देते हुए डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बुजुर्ग लगातार रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन गृहस्वामी का दिल नहीं पसीजा। वह भिखारी की पिटाई करता रहा। वीडियो में एक व्यक्ति ने बीचबचाव की भी कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार बुजुर्ग भिखारी को पीटता हुआ दिख रहा है।
हालांकि वायरल वीडियो की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता है। मोहनगंज एसएचओ राकेश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो अब तक की जांच में थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इसी गांव के रहने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।