अमेठी स्थित जीजीआईसी में अग्निशमन विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं व अन्
अमेठी सिटी। दुर्गा पूजा, दशहरा व दीपावली पर्व को लेकर अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र की ओर से अग्नि सुरक्षा जनजागरूकता प्रशिक्षण अभियान चल रहा है। सोमवार को विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों को जागरूक किया गया।
अमेठी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में प्रधानाचार्य डॉ. फूलकली गुप्ता की मौजूदगी में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। जागरूकता प्रशिक्षण अभियान में अग्निशमन अधिकारी शिवदरस प्रसाद ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीड़ी, सिगरेट आदि के अधजले टुकड़ों को इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए। माचिस बच्चों की पहुंच से दूर रखनी चाहिए। भोजन बनाते समय चूल्हे पर रखे बर्तनों को उतारने के लिए शरीर पर पहने कपड़ों का प्रयोग न करें।
त्योहार पर घर के बाहर या सुरक्षित स्थान पर ही पटाखों को सावधानीपूर्वक छोड़ें। पानी, मिट्टी बाल्टी में जरूर रखें। कुकिंग गैस सिलिंंडर में तनिक भी लीकेज का आभास होते ही आसपास की अन्य अंगीठियों व जलती हुई बीड़ी-सिगरेट को तुरंत बुझा दें। दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण में सिंथेटिक सामग्री से बने कपड़े या रस्सी का प्रयोग न किया जाए। पंडाल के चारों तरफ 4.5 मीटर खुला स्थान होना चाहिए।
सड़क से पंडाल की दूरी 45 मीटर से अधिक दूरी पर न हो। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय देवीपाटन द्वितीय अमेठी, अमेठी के पुराना रायपुर स्थित आतिशबाज के विक्रय स्थल, थाना जामो व गौरीगंज में लगे दुर्गापूजा पंडालों में अभियान चलाकर कमेटी के सदस्यों, छात्राओं, शिक्षकों को जागरूक किया गया।