जगदीशपुर (अमेठी)। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर अलीनगर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार बुजुर्ग की मौत हो गई।
सुल्तानपुर जिले के हैहनाकलां थाना बल्दीराय निवासी भगवान दास (65) मंगलवार की दोपहर मोपेड से बाराबंकी से घर लौट रहे थे। रास्ते में रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के अलीनगर थौरी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, लेकिन किसी ने उन्हें अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। सूचना के बाद पहुंचे उनके बेटे आकाश पांडेय ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन शव को लेकर घर चले गए। समाचार भेजे जाने तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पिता की मौत के बाद बेटे आकाश पांडेय का बुरा हाल हो गया है। उन्होंने बिलखते हुए बताया कि कभी सोचा भी नहीं था, इतनी जल्दी उनके सिर से पिता का साया उठ जाएगा। पिता की मौत की खबर सुनकर बेटी रेनू (29) प्रीति (21) के आंसू नहीं थम रहे हैं। पत्नी दयावती की मानो दुनिया ही उजड़ गई है। वह रह-रहकर अचेत हो जा रही हैं।