संग्रामपुर (अमेठी)। महंगाई की मार पेट्रोल, डीजल व खाद्य सामग्रियों के साथ ही मोबाइल फोन पर बातें करने व डेटा यूज करने पर भी पड़ी है। मोबाइल सेवा प्रदाता निजी दूरसंचार कंपनियों ने अपने मासिक प्लान से लेकर रिचार्ज टॉपअप तक की कीमतों में 20 से 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है। सेवा प्रदाता एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया (वीआई) और जियो ने अपने डेटा प्लान के साथ ही कॉलिंग दरों के पैकेज की कीमत बढ़ा दी है।
इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ा है। अब फोन पर बतियाने से लेकर ऑन लाइन पढ़ाई से लेकर अन्य कार्यों के लिए जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है। तीनों सेवा प्रदाता कंपनियों ने अपना बेसिक पैक 79 रुपये से बढ़कर 99 रुपये कर दिया है। इसी तरह रोजाना 1.5 जीबी डाटा वाला पैक 249 रुपये के बजाए अब 299 रुपये में मिलेगा जो कि 28 दिन के लिए वैध होगा। इसके साथ ही टॉपअप पैक भी 48 से बढ़कर 58 रुपये का हो गया है। सिम व मोबाइल विक्रेता आशीष जायसवाल ने बताया कि टेलीकॉम कंपनियों ने जो मोबाइल दरें बढ़ाई हैं उसका सीधा असर ग्राहक की जेब पर ही पड़ेगा। रिलायंस जियो ने शुरुआत में दो साल तक जो फ्री कॉलिंग और डेटा की सुविधा दी उसे अब सूद समेत वसूलना शुरू कर दिया है।
ऑन लाइन पढ़ाई पर सीधा असर
ब्राइट पर्ल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राम विलास मिश्र ने बताया कि कोरोना काल से वर्तमान के परिवेश को देखते हुए इंटरनेट बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई का मुख्य साधन रहा है। ऐसे में टेलीकॉम कंपनियों द्वारा टैरिफ प्लान बढ़ाने से बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ेगा और आम आदमी का बजट भी बढ़ जाएगा।
हल्की होगी जेब
मोबाइल रिचार्ज विक्रेता रज्जब अली ने बताया कि कोरोना काल से लोगों की जेब खाली है। अब दूरसंचार कंपनियों ने रिचार्ज की दरों में भारी भरकम वृद्धि कर दिक्कतों को और बढ़ा दिया है।
छात्रों की बढ़ेगी मुश्किल
लवकुश कुमार कंपटीशन की तैयारी करने वाले छात्र हैं। बताया कि प्लान के रेट बढ़ने से ऑनलाइन पढ़ाई में दिक्कत आएगी। पहले ही घर वालों से बहुत मुश्किल से पैसा मिलता था अब महंगे रिचार्ज का पैसा कैसे मिलेगा। रिचार्ज पहले से ही महंगे थे। कंपनियों ने कीमतें और बड़ा कर हम जैसे छात्रों की मुश्किल बढ़ा दी है।