मुसाफिरखाना (अमेठी)। अमेठी तहसील के बाद अब मुसाफिरखाना में भी प्रशासन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। तहसील परिसर में लगाए गए पंफलेट के माध्यम से आम लोगों को किसी भी कार्य के लिए रिश्वत न देने की अपील की जा रही है। रिश्वत मांगने पर संबंधितों के खिलाफ शिकायत करने को कहा गया है।
काम के बदले पैसे की मांग की लगातार आ रही शिकायतों पर प्रशासन ने जागरूक करना शुरू कर दिया है। अमेठी तहसील परिसर में पोस्टर चस्पा करने के साथ सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर निगरानी कराई जा रही है। अमेठी के बाद शुक्रवार को मुसाफिरखाना तहसील में भी पोस्टर लगाए गए। जिसमें लिखा गया है, अगर कोई भी कर्मचारी घूस मांगता है तो तत्काल इसकी शिकायत तहसीलदार या फिर एसडीएम से करें। इसके लिए दोनों अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य सरकारी कार्यों में पारदर्शिता लाना और भ्रष्टाचार को पूरी तरह से समाप्त करना है। एसडीएम पंकज कुमार ने कहा कि तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। तहसीलदार राहुल सिंह ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे बिना किसी दबाव के अपने कार्यों के लिए आएं। यदि किसी प्रकार की अवैध मांग की जाती है तो तत्काल इसकी सूचना दें।