अमेठी। श्रद्धालुओं को बड़ी राहत देते हुए अमेठी डिपो ने विंध्याचल धाम के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। यह बस सेवा मंगलवार से नियमित रूप से संचालित होगी। डिपो प्रशासन ने करीब 207 किलोमीटर लंबे मार्ग का रूटचार्ट तैयार किया है, जिससे यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा मिल सके। निर्धारित समय के अनुसार बस प्रतिदिन दोपहर तीन बजे अमेठी से रवाना होगी।
यह बस करौंदी, टीकरमाफी, भादर, पीपरपुर, दुर्गापुर, लंभुआ, चांदा, ढकवा, जौनपुर, रामपुर और भदोही होते हुए औराई के रास्ते विंध्याचल धाम पहुंचेगी। वहां बस रात में रुकेगी, जिससे श्रद्धालु आराम से मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर सकें। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालु अगले दिन सुबह सात बजे उसी बस से अमेठी लौट सकेंगे।
इससे यात्रियों को अलग-अलग साधनों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी और आने-जाने की पूरी सुविधा एक ही बस सेवा से उपलब्ध होगी। अब तक सीधे रेलगाड़ी व सड़क मार्ग से धाम जाने की सुविधा नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इस नई बस सेवा से विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी और व्यवस्थित यात्रा का लाभ मिलेगा, जिससे धार्मिक यात्रा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि अब तक रेल की सीधी सुविधा न होने के कारण श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।