गौरीगंज (अमेठी)। खरीफ सीजन पर किसानों को गुणवत्तापरक बीज व उर्वरक निर्धारित रेट पर दिलाने के लिए शनिवार आठ अफसरों की टीम ने 12 दुकानों की जांच की। जांच के दौरान कमी मिलने एक दुकान की बिक्री प्रतिबंधित कर तीन का अनुबंध पत्र निलंबित किया है। पांच बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 27 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।मिलावटी बीज व खाद बिक्री प्रतिबंधित करने के लिए डीएम राकेश कुमार ने दो अफसरों की टीम गठित कर जांच करने का निर्देश दिया है। टीम ने संचालित उर्वरक व बीज दुकानों की जांच की। जांच के दौरान दुकान का अनुबंध पत्र नहीं दिखा पाने पर शाहगढ़ ब्लॉक के सुशांत कृषि सेवा केंद्र की बिक्री को प्रतिबंधित कर दिया।
वहीं अमेठी में शिवम बीज भंडार, शमीम बीज भंडार, अशफी बीज भंडार पर दुकान पर मौजूद स्टॉक का अभिलेख नहीं दिखा पाने व बिल नहीं देने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया। स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं करने पर अमेठी में ही मौर्या बीज भंडार, राजधानी बीज भंडार, विशाल बीज भंडार, एंग्री जक्शन बहादुरपुर में अभिलेखों का रख-रखाव सही नहीं होने तथा स्टॉक रजिस्टर नहीं दिखा पाने पर श्याम बहादुर बीज भंडार के विक्रेता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। टीम को देख दुकान बंद कर भाग जाने पर किसान बीज भंडार, प्रकाश बीज भंडार, जायसवाल फर्टिलाइजर तथा कृषि रक्षा एवं बीज भंडार विक्रेता का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि छापामार अभियान जारी रहेगा। किसानों को मानक युक्त बीज व उर्वरक निर्धारित रेट पर नहीं देने तथा दस्तावेज के रख-रखाव में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।