गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ऑनलाइन शिक्षण कार्य में लापरवाही दो प्रधानाचार्य समेत सात शिक्षकों को भारी पड़ी। सोमवार को डीआईओएस ने दो स्कूलों का औचक निरीक्षण किया तो साफ-सफाई के साथ तमाम अव्यवस्थाएं सामने आईं। डीआईओएस ने लापरवाह शिक्षकों को कठोर चेतावनी देते हुए तत्काल ऑनलाइन क्लास शुरू करने तथा तीन दिन में जवाब देने का निर्देश दिया है।
माध्यमिक स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था बेहतर बनाने तथा कोविड-19 से बचाव के दृष्टिगत संचालित ऑनलाइन क्लास के प्रगति की हकीकत जांचने के लिए डीआईओएस जेकेएल वर्मा ने सोमवार को जीजीआईसी जामो व उमारमण इंटर कॉलेज जामो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जीजीआईसी की प्रधानाचार्य अवकाश पर तो उमारमण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिक्षकों के दस्तावेज की सत्यापन ड्यूटी में गए पाए गए। स्कूल में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के साथ शिक्षक डायरी तैयार नहीं मिली।
निर्देशों के बावजूद किसी भी शिक्षक द्वारा आनलाइन शिक्षण कार्य शुरू नहीं किया गया था। शिक्षकों की मनमानी से नाराज डीआईओएस ने सभी को कठोर चेतावनी देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी की है। नोटिस में तत्काल आनलाइन शिक्षण कार्य शुरू करने, प्रतिदिन शिक्षण डायरी अपडेट करते हुए तीन दिन में समुचित जवाब देने का निर्देश दिया है। डीआईओएस ने ऑनलाइन शिक्षण कार्य शुरू नहीं होने तथा जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।