गौरीगंज (अमेठी) ई-डिस्ट्रिक पोर्टल पर आवेदित आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र को निर्धारित समय में निस्तारित नहीं करना एसडीएम मुसाफिरखाना समेत सभी तहसीलदार को भारी पड़ा। समीक्षा के दौरान मामला सामने आने के बाद एडीएम ने सभी को नोटिस जारी कर तीन दिन में आवेदित आवेदन गुण-दोष के आधार पर निस्तारित कर जवाब देने को कहा है।
शैक्षिक सत्र 2020-21 में प्रवेश व छात्रवृत्ति समेत कई योजना में आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी एसडीएम व तहसीलदार को तत्काल आवेदन निस्तारित करने का निर्देश दिया है। निर्देश के बावजूद आवेदन निस्तारित नहीं होने की शिकायत पर एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने मंगलवार को ई-डिस्ट्रिक पोर्टल पर ऑनलाइन निस्तारण की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान एसडीएम मुसाफिरखाना के स्तर पर निवास का आवेदन तो तहसीलदार गौरीगंज, अमेठी, मुसाफिरखाना व तिलोई के स्तर पर जाति व निवास के आवेदन समय बीत जाने के बावजूद अनिस्तारित मिले। जिम्मेदारों की ओर से प्रमाण पत्र निर्गत करने में बरती जा रही लापरवाही से नाराज एडीएम ने सभी को नोटिस जारी किया है।
इसमें पोर्टल पर आवेदित प्रमाण पत्र आवेदन को गुण-दोष के आधार पर निस्तारित करते हुए जवाब देने का निर्देश दिया है। एडीएम ने भविष्य में पोर्टल पर प्रतिदिन आवेदित आवेदन को निस्तारित करने की बात कहते हुए आवेदन लंबित रहने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।