गौरीगंज (अमेठी)। दैनिक अनुश्रवण प्रणाली के पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही के चलते डिफाल्टर होना 22 अफसरों को भारी पड़ा। पोर्टल पर समीक्षा के दौरान मामला प्रकाश में आने के बाद एडीएम ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में तत्काल शिकायतें निस्तारित कर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
जन शिकायतों के निस्तारण के लिए संचालित दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पोर्टल पर संदर्भित शिकायतों के निस्तारण में डिफाल्टर की श्रेणी में पहुंचाना बुधवार को 22 अफसरों को भारी पड़ा। एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने अनुश्रवण पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान एक्सईएन सिंचाई, एआरटीओ, सीएमओ, बीएसए, परियोजना निदेशक डूडा, पूर्ति निरीक्षक तिलोई, एआर कोऑपरेटिव, एक्सईएन विद्युत अमेठी, एसडीएम गौरीगंज, अमेठी व तिलोई, तहसीलदार गौरीगंज, बीडीओ संग्रामपुर, शुकुल बाजार, भादर, बहादुरपुर, तिलाई व अमेठी, ईओ गौरीगंज व अमेठी तथा एसओ संग्रामपुर शिकायतों के निस्तारण में डिफाल्टर की श्रेणी में मिले।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही से नाराज एडीएम से सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में पोर्टल पर लंबित शिकायतों का त्वरित निस्तारण करते हुए जवाब देने का निर्देश दिया गया है। एडीएम ने शिकायतें लंबित रहने व जवाब से संतुष्ट नहीं होने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी है।