अमेठी सिटी। गर्मी की छुट्टी मनाने के बाद अपने काम पर लौटने वालों का सिलसिला शुरू हो गया है। जिन लोगों का ट्रेन का टिकट कंफर्म नहीं है उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महानगरों को जाने वालीं ट्रेनों में 30 जून तक कई दिन नो रूम की स्थिति तो अन्य दिनों वेटिंग का आंकड़ा 150-200 के बीच चल रहा है। तत्काल टिकट के लिए भी मारामारी चल रही है। नई दिल्ली, मुंबई, जयपुर व पंजाब जाने वालीं ट्रेनों में 30 जून तक आरक्षित सीटों की वेटिंग लिस्ट लंबी हैं।
गर्मी की छुट्टियां समाप्त हो रही है। छुट्टी में घर आने के बाद महानगरों को लौटने वालों की समस्या बढ़ गई है। अगले सप्ताह तक विभिन्न स्थानों की ओर जाने वालीं ट्रेनों में सीटें फुल हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। जिसने पहले से टिकट बुक कराया है उनकी यात्रा तो आसान है, लेकिन जिसका कंफर्म नहीं है उसके लिए संकट पैदा हो गया है। रविवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर तत्काल कोटे का टिकट बुक नहीं हो पाने से निराश गौरीपुर गांव निवासी शिवमिलन ने बताया कि मुबई जाना है। उद्योग नगरी के साथ लखनऊ के जाने वाले किसी ट्रेन में टिकट नहीं मिल पा रहा है। तत्काल का टिकट पाने के लिए रात से लाइन लगाई लेकिन तीसरा नंबर मिला और टिकट भी नहीं बुक हो सका। इसी तरह अत्तानगर निवासी रमेश ने बताया कि दिल्ली का तत्काल टिकट बुक करवाने आए थे, लेकिन नंबर आने तक वेटिंग होगी। राम प्रकाश, सजीव सिंह, विकास मौर्य पंजाब का टिकट बुक करवाने आए थे।
टिकट नहीं मिला तो निराश होकर लौटना पड़ा। जुडियापुर निवासी भगवानदीन ने बताया कि टिकट नहीं मिल पा रहा है। इसलिए जनरल बोगी में सफर करना मजबूरी है। शिवराम ने बताया कि गर्मी की छुट्टी में घर आए 12 जून को वापसी करना है। लेकिन कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। बताया कि आरक्षण काउंटर पर टिकट के लिए नंबर लगाया था। इसके बाद भी कंफर्म नहीं मिला।
इनसेट
इन ट्रेनों में लंबी वेटिंग
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेन ट्रैक से दिल्ली जाने वाली माल्दा टाउन एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व पद्मावत एक्सप्रेस में चार दिन तक वेटिंग चल रही है। उद्योग नगरी में 15 जून तक वेटिंग का आंकड़ा 182 पार है। पंजाब मेल में भी तीन दिन तक नो रुम तो उसके बाद लंबी वेटिंग है। भोपाल-प्रतापगढ़, अर्चना एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों का भी यही हाल है। इतना ही इन दिनों इंटरसिटी व लखनऊ-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस में भी साधारण डिब्बों में यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है।
तत्काल में पांच-छह लोगों को ही मिल रहे टिकट
लोग एक दिन पहले से आरक्षण केंद्र पर नंबर लगा रहे हैं। प्रतिदिन एसी में करीब सात से दस तो स्लीपर में 15-20 फाॅर्म दिए जा रहे हैं। इसमें से एसी में दो-तीन तो स्लीपर में पांच-छह लोगों को ही तत्काल टिकट मिल पा रहा है। इस समय ट्रेनों में सीटें फुल हैं। यह स्थिति लगभग एक सप्ताह तक बनी रहेगी।
प्रवीण सिंह- स्टेशन अधीक्षक