अमेठी। शुक्रवार से अमेठी संसदीय सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। कलेक्ट्रेट में होने वाले नामांकन स्थल से 300 मीटर दूर गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नामांकन स्थल से 100 मीटर के अंदर किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कलेक्ट्रेट गेट के अंदर की सुरक्षा एक एसडीएम व एक सीओ के नेतृत्व में रहेगी। साथ ही 100 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। नेता रोड से मुसाफिरखाना रोड पर भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। नामांकन स्थल व आसपास के मकानों की छतों पर पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक फायर टेंडर और एक एंबुलेंस भी नामांकन स्थल पर मौजूद रहेगी। कलेक्ट्रेट परिसर की जांच प्रतिदिन सुबह शाम बम निरोधक टीम द्वारा कराई जाएगी।
कलेक्ट्रेट के गेट पर ही मेटल डिटेक्टर लगाया जाएगा। जिससे होकर ही प्रत्याशी व प्रस्तावक अंदर जा सकेंगे। कलेक्ट्रेट मोड़ व कलेक्ट्रेट गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। साथ ही दोनों जगह पर एक-एक वीडियोग्राफर मौजूद रहेगा। जो पल-पल की गतिविधियों की रिकार्डिंग करेगा।
डीएम व एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
- डीएम निशा अनंत व एसपी अनूप सिंह ने कलेक्ट्रेट में स्थित नामांकन स्थल का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर नामांकन को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। डीएम व सीडीओ सूरज पटेल ने पुलिस अधिकारियों को ब्रीफ कर सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने पर होगी सख्त कार्रवाई
निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव में पुलिस-प्रशासन की सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विशेष निगाह रहेगी। ऐसे में एसपी अनूप कुमार सिंह ने लोगों से अनुशासित रहने की अपील की है। कहा कि सोशल मीडिया पर कहीं से भी फारवर्ड न्यूज / पोस्ट को बिना पुष्टि/सत्यापन के आगे फारवर्ड न करें। सोशल मीडिया टीमों द्वारा सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर कड़ी निगरानी की जा रही है। चेताया कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नामांकन जुलूस की होगी रिकार्डिंग
एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि पहले से गठित वीडियो टीमें प्रत्याशियों के नामांकन जुलूस की निगरानी कर इसकी सूचना प्रशासन को देेंगी। सूचना के आधार पर नामांकन जुलूस/रोड शो में शामिल वाहनों व प्रचार सामग्री आदि को सीधे उनके खर्च में जोड़ दिया जाएगा। बताया कि जामो मोड़ के साथ कलेक्ट्रेट मोड़ व कलेक्ट्रेट गेट पर बैरियर लगेंगे।
प्रत्योशियों को दाखिल करना होगा हलफनामा
लोकसभा चुनाव में भाग्य आजमाने वाले प्रत्याशियों को अपने आपराधिक इतिहास का शपथपत्र देना होगा। नामांकन पत्र में देने वाले शपथपत्र में इसका जिक्र करना होगा। इसके अलावा उम्मीदवार को हलफनामा देना होगा कि उन पर बिजली, पानी और मकान आदि का कोई किराया बकाया नहीं है। प्रत्याशियों को अपनी हैसियत भी बतानी होगी।
लोकसभा चुनाव एक नजर में
नामांकन 26 अप्रैल से 3 मई
नामांकन पत्रों की जांच 4 मई
नाम वापसी की तिथि 6 मई
पोलिंग पार्टियां रवाना 19 मई
मतदान का दिन 20 मई
मतगणना का दिन 4 जून