गौरीगंज इफको सेंटर पर बुधवार को लगी किसानों की भीड़। -संवाद
अमेठी सिटी। धान के खेत में यूरिया डालने के समय साधन सहकारी समितियों पर खाद न मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। बुधवार को गौरीगंज स्थित इफको सेंटर पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतार लगी रही। खेरौना, राजापुर अमेरुआ, सेमरौता, कुकर रामपुर व राजापुर समेत कई समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं है। खाद लेने के लिए किसान समितियों से गौरीगंज पहुंच रहे हैं।
समितियों पर यूरिया न मिलने से किसानों को आने-जाने में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। खेती का जरूरी काम छोड़कर उन्हें पूरा दिन खाद के इंतजाम में लगाना पड़ रहा है। किसान जितेंद्र कुमार ने बताया कि समिति पर यूरिया नहीं मिली तो गौरीगंज आना पड़ा। यहां पहले से काफी भीड़ थी।
रामबहोर ने बताया कि वह सुबह से कतार में खड़े हैं, मगर खाद कब मिलेगी, इसका भरोसा नहीं है। देवतादीन समेत अन्य किसानों ने बताया कि खेत में खाद डालने के बजाय पूरा दिन केंद्र की लाइन में गुजर रहा है।
-
आठ समितियों को भेजी जा रही यूरिया
सहायक आयुक्त सहकारिता अरविंद कुमार ने बताया कि जिले को निजी कंपनी की तीन हजार क्विंटल यूरिया मिली है। समितियों की मांग के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है। बुधवार को आठ समितियों पर यूरिया भेजी गई है। अधिकारियों के मुताबिक मांग मिलते ही संबंधित समितियों को खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।