अमेठी सिटी। रबी सीजन में 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज लेने के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी होगा। रजिस्ट्री न होने पर अनुदानित बीज का लाभ नहीं मिलेगा। इसके साथ ऑनलाइन बुकिंग भी करानी होगी। गेहूं, चना, मटर, सरसों, तोरिया व मसूर समेत अन्य बीजों की बुकिंग दर्शन पोर्टल पर की जा सकती है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह निरंजन ने बताया कि लक्ष्य से अधिक बुकिंग होने पर ई-लॉटरी से चयन होगा। चयनित किसानों को मोबाइल पर सूचना देकर पीओएस मशीन से बीज दिया जाएगा। जिले में 3.18 लाख किसानों में 2.90 लाख की फार्मर रजिस्ट्री हो चुकी है।