अमेठी सिटी। गौरीगंज के छीटेपुर गांव में ई रिक्शा चोरी के प्रयास के दौरान ग्राम प्रधान के भाई को गोली मारने के मामले में रिपोर्ट दर्ज न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच की बात कहकर मामले को लटका रही है। वहीं चोरी करने आए बदमाशों का भी अब तक सुराग नहीं लग सका है।
मंगलवार देर रात हुई इस वारदात में ग्राम प्रधान के भाई भारत लाल को गोली लगी थी। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद हालत सामान्य बताई गई। बुधवार को भारत लाल ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी और तहरीर सौंपी। इसके बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। परिजनों का कहना है कि तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।
पुलिस लगातार जांच का हवाला दे रही है। गंभीर घटनाओं में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश हैं, इसके बावजूद हीलाहवाली बरती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी, मगर प्राथमिकी दर्ज न होने से पूरे मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि अभी पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है। घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।