अमेठी सिटी। नगर पालिका गौरीगंज में भवन कर जमा करने के लिए लोगों को अब कार्यालय के चक्कर लगाने से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका प्रशासन ने ई-हाउस टैक्स व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद भवन स्वामी घर बैठे मकान, दुकान और अन्य व्यावसायिक भवनों का कर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। भवन से संबंधित कर की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकेगी।
नगर पालिका क्षेत्र में करीब 9,500 भवन स्वामी हैं। वर्तमान में भवन कर जमा करने के लिए लोगों को नगर पालिका कार्यालय जाना पड़ता है। कई बार कार्यालय पहुंचने में समय और अतिरिक्त श्रम खर्च होता है। ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद भवन स्वामी मोबाइल या अन्य माध्यम से कर संबंधी जानकारी हासिल कर निर्धारित राशि का भुगतान कर सकेंगे। इससे भुगतान प्रक्रिया आसान होने के साथ लोगों के समय और श्रम की बचत होगी।
ई-हाउस टैक्स व्यवस्था के लिए नगर पालिका स्तर पर एप तैयार करने समेत अन्य तकनीकी और विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भवनों से संबंधित कर का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा होगी। व्यवस्था लागू होने के बाद भवन स्वामियों को कर जमा करने के लिए नगर पालिका कार्यालय पहुंचने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नगर पालिका के ईओ सुनील कुमार ने बताया कि ई-हाउस टैक्स व्यवस्था लागू करने के लिए तैयारियां चल रही हैं। एप तैयार करने के साथ जरूरी तकनीकी और विभागीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सभी तैयारियां पूरी होने के बाद ऑनलाइन भवन कर जमा करने की व्यवस्था शुरू कराई जाएगी।
अभी इतनी है भवन कर की दर
आवासीय भवन : एक रुपये प्रति वर्गमीटर
कॉमर्शियल भवन : तीन रुपये प्रति वर्गमीटर
मिश्रित भवन : चार रुपये प्रति वर्गमीटर