अमेठी सिटी। विभाग का दावा... मांग के सापेक्ष 20,120 क्विंटल यूरिया अधिक वितरित कराई गई। जमीनी हकीकत इसके उलट है। इफको केंद्र व समितियों पर यूरिया नहीं है। जहां उपलब्ध है, वहां लंबी कतार दिख रही है। निजी दुकानदार महंगे दाम पर यूरिया बेच रहे हैं।
कृषि विभाग का दावा है कि खरीफ के सीजन में अब तक 3,99,880 क्विंटल यूरिया मांग का लक्ष्य था। जिसके सापेक्ष 4,20,000 क्विंटल यूरिया प्राइवेट इफको व समितियों के माध्यम से वितरित करा दी गई है। विभाग के अनुसार करीब 20,120 क्विंटल यूरिया का वितरण अधिक करा दिया गया। विभाग के दावे जमीनी स्तर पर इतर हैं।
आलम यह है कि जिला मुख्यालय स्थित इफको केंद्र गौरीगंज में यूरिया दो दिन से नहीं है, जबकि यहां सीधे फूलपुर प्रयागराज से ट्रक के माध्यम से खाद पहुंचती है। इसके अलावा गौरीगंज के माधोपुर सहित 35 से अधिक समितियों व इफको केंद्रों पर यूरिया नहीं है। यहां पर ताला लटक रहा है। ऐसे में किसानों को यूरिया पाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राइवेट कंपनी की 4,500 क्विंटल यूरिया शनिवार को मिली। यह खेप निजी दुकानों को दी गई। संग्रामपुर, बारामासी, भेटुआ, अमेठी, भादर, मुसाफिरखाना, बाजारशुकुल आदि स्थानों पर निजी दुकानदार किसानों को यूरिया के साथ जिंक आदि लेने को मजबूर कर रहे हैं। अमेठी निवासी रामकिशोर, सहजीपुर निवासी अमरनाथ यादव ने बताया कि निजी दुकानदार के यहां खाद ली। कहा कि दुकानदार यूरिया के साथ जबरन सल्फर व जिंक दे रहे हैं। मजबूरन यूरिया महंगे दाम पर खरीदनी पड़ी।
समितियों पर भेजी जाएगी यूरिया
जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव ने दावा किया कि मांग से अधिक यूरिया वितरित हो गई है। बताया कि बफर स्टॉक में 3000 क्विंटल यूरिया है। सोमवार तक 35 समितियों पर यूरिया पहुंच जाएगी। 3,570 क्विंटल प्राइवेट कंपनी की यूरिया एक दो दिन में मिल जाएगी, इसके सिर्फ निजी विक्रेताओं को दी जाएगी। इसके अलावा इफको की जंबो रैक भी जल्द आ जाएगी। कहा कि अधिक रेट व टैगिंग करने वाले निजी दुकानदारों पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।