अमेठी सिटी। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में बैडमिंटन और कुश्ती कोच की नियुक्ति नहीं होने से खिलाड़ियों की परेशानी बढ़ गई है। आज तक इन दोनों खेलों में प्रशिक्षक नहीं मिलने से खिलाड़ी स्वयं किसी तरह अभ्यास करने को मजबूर हैं। जिला खेल कार्यालय ने कई बार मांग भेजी, लेकिन अब तक कोई नियुक्ति नहीं हो सकी।
अमेठी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में कबड्डी, हैंडबॉल, तैराकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कुश्ती, हॉकी, फुटबॉल, भारोत्तोलन, एथलेटिक्स और ताइक्वांडो जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। स्टेडियम के छात्रावास खिलाड़ियों संग स्थानीय खिलाड़ी यहां अभ्यास करने आते हैं। स्टेडियम संचालन के बाद आज तक बैडमिंटन व कुश्ती कोच की नियुक्ति नहीं हो पाई।
ऐसे में खिलाड़ियों को इन दोनों खेल के लिए प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन नहीं मिल रहा है। हैंडबॉल के करीब 28 खिलाड़ी और कुश्ती के 16 से अधिक खिलाड़ी नियमित किसी तरह अभ्यास कर रहे हैं। लेकिन प्रशिक्षक की अनुपस्थिति में खेल से जुड़ी तकनीकी जानकारी और निपुणता हासिल नहीं कर पा रहे हैं।
खिलाड़ी राजेश कुमार, अवनीश, विशाल आदि ने बताया कि बगैर कोच के अभ्यास करना कठिन है।उपक्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद ने बताया कि स्टेडियम में सभी संसाधन मौजूद है।
हैंडबॉल और कुश्ती कोच की नियुक्ति के लिए लगातार प्रस्ताव भेजे गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इन दोनों खेलों के प्रशिक्षक मिल जाएंगे।