अमेठी। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए रेल विभाग ने 22 मार्च से बंद नीलांचल एक्सप्रेस का संचालन शुक्रवार से शुरू कर दिया। पहले दिन डाउन नीलांचल एक्सप्रेस निर्धारित समय से 50 मिनट विलंब से स्टेशन पहुंची।
आरक्षित टिकट पर स्टेशन से 10 यात्रियों ने यात्रा की तो 50 यात्री स्टेशन पर उतरकर अपने घर रवाना हुए। ट्रेन का संचालन शुरू होने से अब दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
लखनऊ-वाराणसी और लखनऊ-प्रयागराज (वाया प्रतापगढ़) रेल ट्रैक पर संचालित 29 जोड़ी यात्री ट्रेनों का संचालन विभाग ने कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 22 मार्च से बंद कर दिया गया था। बीच में लॉकडाउन की वजह से कुछ स्पेशल ट्रेनें तो चलाई गईं लेकिन नियमित यात्री ट्रेनों का संचालन बहाल नहीं किया गया। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद भी रेलवे यात्री ट्रेनों का संचालन नहीं कर रहा था।
ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानी के साथ विभाग को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही थी। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए विभाग ने 12 सितंबर से लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर एक नियमित नई ट्रेन का संचालन शुरू किया था।
इसके बाद भी दिल्ली समेत अन्य स्टेशनों के यात्रियों की परेशानी दूर नहीं हुई तो विभाग ने ट्रैक पर संचालित अप/डाउन नीलांचल एक्सप्रेस का संचालन 208 दिन बाद शुक्रवार से शुरू कर दिया। पहले दिन विद्युत इंजन से दिल्ली से चलकर लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी होते हुए पुरी तक ट्रेन संचालित हुई।
ट्रेन गौरीगंज स्टेशन पर निर्धारित समय 4:28 बजे के स्थान पर 50 मिनट विलंब से 5:14 बजे पहुंची।
ट्रेन आने पर पहले से आरक्षण कराए दस यात्रियों ने गौरीगंज से विभिन्न स्टेशनों की यात्रा की तो 50 यात्री दिल्ली व लखनऊ से चलकर गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर उतरकर अपने गंतव्य को रवाना हुए। नीलाचंल एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने से दिल्ली के साथ ट्रैक के अन्य स्टेशनों की यात्रा करने वाले यात्री अब तक जहां निजी वाहन या प्राइवेट बस से अधिक किराए पर यात्रा करने को मजबूर थे उन्हें अब कम किराए में यात्रा करने की सहूलियत मिलेगी।
स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने नीलांचल एक्सप्रेस सोमवार, बुधवार व शनिवार को लखनऊ होते हुए दिल्ली तो रविवार, मंगलवार व शुक्रवार को प्रतापगढ़, वाराणसी होते हुए पुरी तक संचालित होने की पुष्टि की। कहा कि ट्रेन पर आरक्षित व कंफर्म टिकट पर ही यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।