गौरीगंज (अमेठी)। कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन के दूसरे दिन मंगलवार को चारों निकायों में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए पर्चों की बिक्री व नामांकन पत्रों को दाखिल किया गया। दूसरे दिन चारों निकायों के 20 प्रत्याशियों ने सभासद पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।कलेक्ट्रेट में गौरीगंज नगर पालिका के अध्यक्ष व सभासद पद के पर्चों की बिक्री व नामांकन पत्र दाखिल हुए। रिटर्निंग ऑफीसर राकेश कुमार ने बताया कि दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए तीन पर्चों की बिक्री हुई। इनमें प्रमुख दल कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अरुण कुमार ने पर्चा खरीदा है। जबकि, 25 वार्डों में सभासद पद के लिए 43 पर्चे बिके।
वार्ड संख्या एक में प्रत्याशी साधना, वार्ड संख्या छह में अंजू, वार्ड संख्या पांच में अरुण कुमार, वार्ड संख्या 15 से अखिलेश तिवारी, वार्ड संख्या 18 से आकाश व वार्ड 20 में नीलम मिश्र ने सभासद पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। तिलोई में जायस नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 15 व वार्डों के सभासद पद के लिए 25 के साथ कुल 87 पर्चों की बिक्री हुई।
रिटर्निंग ऑफीसर फाल्गुनी सिंह ने बताया कि छह प्रत्याशियों ने सभासद पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। नगर पंचायत अमेठी में अध्यक्ष पद के लिए चार व सभासद पद के लिए 23 पर्चा बिका। यहां पर एक भी प्रत्याशियों ने अब तक नामांकन दाखिल नहीं किया है। मुसाफिरखाना में अध्यक्ष पद के लिए 17 व सभासद पद के लिए 25 पर्चों की बिक्री हुई। नामांकन स्थल पहुंचकर छह प्रत्याशियों ने सभासद पद के लिए नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफीसर को सौंपा।
इनसेट
नहीं लगा कोविड हेल्प डेस्क
जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने चारों निकायों के नामांकन स्थल पर बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्देश दिया था। कोविड हेल्प डेस्क पर पर्चा खरीदने व नामांकन पत्र दाखिल करने जाने वाले प्रत्याशियों का हाथ सैनिटाइज करते हुए तापमान की जांच की जानी थी। लेकिन नामांकन के दूसरे दिन तक कलेक्ट्रेट में कोविड हेल्प डेस्क नहीं बन सका है।
इनसेट
बैरियर लगने से लोगों को आवागमन में हुई परेशानी
कलेक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया होने के चलते जामो रोड स्थित कलेक्ट्रेट मोड़ पर पहला तो कलेक्ट्रेट गेट पर दूसरा बैरियर बनाया गया है। जामो रोड से सुबह 10 से 3 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन पुरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। इस रोड पर रहने वाले लोगों तथा कलेक्ट्रेट आने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कलेक्ट्रेट गेट पर सिर्फ उन्हीं को प्रवेश दिया जा रहा था जिन्हें पर्चा खरीदना हो या फिर नामांकन पत्र जमा करना हो। इसके अलावा पास दिखाने पर प्रवेश दिया गया। पूरा दिन भीतर जाने के लिए पुलिस से जद्दोजहद होती रही।