बाजारशुकुल। जगदीशपुर के अशरफपुर गांव निवासी रामकरन पांडेय पर शनिवार को बाजारशुकुल के रानीगंज मार्ग पर पूरे बक्तावर गांव के पास बाइक सवार चार लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। तमंचे की बट से पिटाई से रामकरन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विनोद कुमार पांडेय के मुताबिक उनके भाई रामकरन पांडेय समाचार पत्र वितरक का काम करते है। शुक्रवार को संतोष से भाई का बाग में लकड़ी काटने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में भाई के खिलाफ जगदीशपुर पुलिस ने संतोष की तहरीर पर कार्रवाई भी की थी। भाई शनिवार को साइकिल से समाचार पत्र वितरित कर रहे थे।
रानीगंज मार्ग पर पूरे बक्तावर गांव के पास चाय-पान की दुकान पर समाचार पत्र दे रहे थे, तभी गांव के मुन्नेलाल, बेटे विनय व भाई संतोष और विवेक दुबे बाइक से पहुंचे। जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक लाठी-डंडों से हमला करते हुए तमंचे की बट से सिर पर वार कर दिया। हमले में रामकरन गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर सुनकर लोगों को आता देख सभी हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल भाई को सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।