अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में आई नई डायलिसिस मशीन का इंस्टॉलेशन हो गया है। इस मशीन के क्रियाशील होने के साथ ही डायलिसिस विभाग में अब जांच के लिए कुल आठ मशीनें हो गई हैं। इससे मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए अब लंबी वेटिंग सूची से राहत मिलेगी। खासकर हेपेटाइटिस सी से पीड़ित मरीजों को इसका फायदा होगा।
गौरीगंज के असैदापुर स्थित जिला अस्पताल के डायलिसिस विभाग में कुल सात मशीनें थीं, जिसमें छह मशीनें सामान्य मरीजों के लिए हैं। जबकि एक मशीन से हेपेटाइटिस के मरीजों की डायलिसिस की जाती है। सभी मशीनों के संचालन व डायलिसिस के लिए नोडल आफिसर डॉ. शुमभ पांडेय, मेडिकल आफिसर डॉ. कृष्णा शर्मा, प्रभारी अंकित शुक्ल के अलावा पांच टेक्नीशियन व एक स्टाफ नर्स की तैनाती की गई है। अवकाश को छोड़कर इन सभी मशीनों पर प्रतिदिन करीब 21 मरीजों की डायलिसिस होती है।
हेपेटाइटिस के मरीजों के लिए एक मात्र डायलिसिस मशीन होने के कारण वेटिंग सूची काफी लंबी हो जाती थी। इस परेशानी को दूर करने के लिए ही विभाग में एक नई मशीन लगाई गई है। मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचकर कंपनी के इंजीनियरों ने मशीन का इंस्टालेशन कर क्रियाशील कर दिया। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि नई डायलिसिस मशीन के संचालन से अब मरीजों को डायलिसिस के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।