सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पातीं नेहा
अमेठी। शाहगढ़ की मूल निवासी वर्तमान में सुल्तानपुर के अलीगंज में रह रहीं नेहा मौर्या के लिए मंगलवार को दिन मंगल लेकर आया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र पाने के बाद खुशी से चहक उठीं। कहाकि जिंदगी का सबसे बड़ा सपना साकार हो गया। आज का दिन जिंदगी का सबसे यादगार दिन है, जिस दिन मुख्यमंत्री ने खुद उसे नियुक्ति पत्र दिया। अब मरीजों की सेवा ही एक मात्र ध्येय है।बकौल नेहा, मुंशीगंज स्थित इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज से कोर्स पूरा किया था। परिणाम के बाद भी वह नियुक्ति पत्र के लिए इंतजार कर रही थी। अब जाकर सपना पूरा हो गया है। दरअसल, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में जिले की 14 एएनएम को नियुक्ति पत्र दिया गया। इससे पहले 93 एएनएम को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है। मंगलवार की सुबह सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने नव चयनित एएनएम को रवाना किया। साथ में एसीएमओ डॉ. नवीन, डिप्टी सीएमओ डॉ.पीके उपाध्याय, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शालू गुप्ता, सुबोध व संजय मिश्र मौजूद थे।
साकार हुआ सपना
एएनएम का नियुक्ति पत्र पाने के बाद अमेठी के भादर की शिल्पी पांडेय ने बताया कि सुल्तानपुर के साईं पैरा मेडिकल कॉलेज से उन्होंने पढ़ाई की है। अब जाकर सपना साकार हुआ है। मरीजों की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। सिंहपुर की हर्षिका बाजपेयी का कहना है कि अब जाकर लक्ष्य हासिल हुआ है।