गौरीगंज (अमेठी)। कोविड-19 ड्यूटी में लापरवाही बरतना माध्यमिक शिक्षा विभाग के चार शिक्षकों को भारी पड़ा। एसडीएम गौरीगंज की रिपोर्ट मिलने के बाद डीआईओएस ने सभी को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के साथ डीएम की ओर जारी जिम्मेदारी का निर्वहन करने को कहा है। डीआईओएस ने ड्यूटी पर लापरवाही बरतने तथा जवाब से संतुष्ट नहीं होने की दशा में विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कोरोना संक्रमित मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार की ओर से कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद मजिस्ट्रेट की तैनाती कर बचाव कार्य कराया जा रहा है। पिछलेे दिनों डीएम के निर्देश पर शहर के रणंजय इंटर कॉलेज के शिक्षक बृजेश शुक्ल को ऐठा ग्राम पंचायत में तो वंशराज को वार्ड संख्या 24, राम सिंह को वार्ड संख्या आठ में तथा निषादराज इंटर कॉलेज किटियावां के शिक्षक श्रवण कुमार कश्यप की ड्यूटी पूरे इच्छा कौहार में मजिस्ट्रेट नामित कर बचाव कार्य करने का निर्देश दिया गया था।
निर्देश के बावजूद चारों शिक्षक ड्यूटी के प्रति लापरवाह तथा मंगलवार व बुधवार को एसडीएम गौरीगंज महात्मा सिंह के निरीक्षण में सर्वेक्षण कार्य के दौरान अनुपस्थित मिले। डीएम के निर्देशों की अवहेलना करने तथा ड्यूटी से नदारद रहने पर एसडीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम के साथ डीआईओएस को दी।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने चारों शिक्षकों को चेतावनी पत्र जारी कर तीन दिन में जवाब देने के साथ ही डीएम के निर्देश का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारी पूरी करने को कहा है। डीआईओएस ने जवाब से संतुष्ट न होने तथा जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।